हरदोई | 29 अप्रैल 2026
माननीय प्रधानमंत्री के प्रस्तावित हरदोई दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। कार्यक्रम को सफल एवं सुरक्षित बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ आरती सिंह ने कार्यक्रम स्थल और निर्धारित रूट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रूट चार्ट, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात डायवर्जन तथा संवेदनशील स्थानों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए कहा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, ताकि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो। इसके अलावा, भीड़ नियंत्रण, वीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन सेवाओं के लिए भी अलग से व्यापक इंतज़ाम सुनिश्चित किए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की चूक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जा रही है।







